अंबेडकर जयंती पर डुमराँव में माल्यार्पण, समानता और अधिकार की बात
डुमराँव। नगर में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती जन संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में बहुत ही श्रद्धा और हर्षाेल्लास पूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. अंबेडकर की मूर्ति पर सामूहिक रूप से माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बाबा साहेब के पदचिह्नों पर चलने और उनके द्वारा दिखाए गए समानता व न्याय के मार्ग को अपनाने का संकल्प लिया। मोर्चा के संयोजक सुरेंद्र प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्षों की एक अनूठी मिसाल है, जो हमें हक और अधिकार के लिए लड़ना सिखाता है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार यादव ने शिक्षा के क्षेत्र में डा. अंबेडकर के अविस्मरणीय योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षित बनो का नारा दिया। क्योंकि शिक्षित बनकर हम समाज में समानता का अधिकार प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम को प्रदेश संगठन मंत्री लाल बाबु राम, सचिव शिवजी राम तथा जिला अध्यक्ष छोटक राम ने संबोधित करते हुए बहुजन समाज के लोगों से बाबा साहेब के बताए हुए रास्ते पर चलने की अपील की । वहीं प्रदेश महिला अध्यक्ष विमला राजभर तथा प्रदेश सचिव ललीता राम ने महिला सशक्तिकरण को जमीनी हकीकत में उतारने की बात कहते हुए लोगों से बाबा साहेब के नारी उत्थान के सपनों को साकार करने की अपील की। कार्यक्रम में काफी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने बाबा साहेब अमर रहें के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।










