अंबेडकर जयंती पर अनिल कुमार ने युवाओं को दिया शिक्षा का संदेश
बक्सर। बक्सर नगर भवन में मंगलवार शाम बी-एस 4 (बहुजन सेना) के तत्वावधान में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती सह प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बहुजन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार शामिल हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के लोग, छात्र-छात्राएं और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पूर्व अनिल कुमार ने राजपुर, इटाढ़ी और बक्सर के विभिन्न स्थानों पर बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है। “शिक्षित बनो, संगठित हो, संघर्ष करो” के मूल मंत्र को अपनाकर ही बहुजन समाज सशक्त बन सकता है। उन्होंने युवाओं से नशा और अंधविश्वास से दूर रहकर शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मौके पर संजय मंडल, अभिमन्यु कुशवाहा, सुभाष गौतम सहित हजारों लोग मौजूद रहे।










