एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, जनगणना 2027 में पहली बार स्वगणना सुविधा
बक्सर। जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आज समाहरणालय परिसर में एलपीजी आपूर्ति और जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। डीएम ने बताया कि जिले की 27 गैस एजेंसियों के माध्यम से आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वर्तमान में वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने हेतु शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर दोबारा बुकिंग का नियम लागू है। आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 06183-223333 जारी किया गया है, जिस पर प्राप्त 991 शिकायतों में से 961 का त्वरित निष्पादन किया जा चुका है। कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने हेतु दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है और अब तक दो प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए वाणिज्यिक सिलेंडर हेतु अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देना अनिवार्य होगा। वहीं, जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण का कार्य 02 मई से 31 मई 2026 तक चलेगा। इस बार जनगणना के इतिहास में पहली बार स्वगणना (स्व-गणना) की डिजिटल सुविधा दी गई है। आम नागरिक 17 अप्रैल से 01 मई 2026 के बीच ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह पोर्टल मोबाइल ओटीपी आधारित लॉगिन और सुरक्षित डेटा संग्रह की सुविधा प्रदान करता है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता या वितरण के संबंध में अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










