पत्रकार विवेक कुमार सिन्हा की 13वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा एवं रक्तदान शिविर आयोजित
बक्सर। यशःशेष पत्रकार विवेक कुमार सिन्हा की 13वीं पुण्यतिथि के अवसर पर विवेक सिन्हा स्मृति संस्थान द्वारा स्मृति सभा सह रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष विनय कुमार सिन्हा एवं बक्सर के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. भूपेंद्र नाथ ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर उनके पैतृक गांव चुरामनपुर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई तथा व्यवहार न्यायालय बक्सर में बार एसोसिएशन के सदस्यों ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिवक्ता विनय कुमार सिन्हा ने कहा कि विवेक कुमार सिन्हा संघर्षशील पत्रकार थे, जिन्होंने हमेशा हाशिए के समाज की आवाज को मजबूती से उठाया। संस्थान की सचिव दीपशिखा ने उन्हें आदर्श शिक्षक और संवेदनशील पत्रकार बताया। शिक्षक विमल कुमार सिंह ने संस्थान के कार्यों की सराहना की। वहीं शुभनारायण पाठक ने कहा कि विवेक कुमार सिन्हा एक सच्चे इंसान थे और प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ भी रहे। इस अवसर पर स्थानीय जिला अस्पताल में स्थापित ब्लड बैंक में कुल दस लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले लोगों में शिक्षक विमल कुमार सिंह, राकेश कुमार, शुभम कुमार, शुभम ओझा, अविनाश कुमार, अभिनव वशिष्ठ, सरोज कुमार, प्रकाश पासवान, सोहैल खान रहे। वही इस अवसर पर उज्जवल सिन्हा, दीपांकर सिन्हा, अखौरी सुशील सिन्हा, रणवीर सिंह, अर्जुन, पप्पू पासवान, सूर्यकांत पाण्डेय, धर्मेंद्र सिंह, धीरज पाण्डेय, धर्मेंद्र पाण्डेय समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।










