केंद्रीय कारा एवं ओपन जेल बक्सर का संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था एवं बंदी सुविधाओं का लिया गया जायजा
बक्सर। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी , नगर बक्सर द्वारा केंद्रीय कारा एवं ओपन जेल बक्सर का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा संपूर्ण विधि-व्यवस्था की स्थिति का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित कारा पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने, निगरानी प्रणाली को प्रभावी बनाए रखने तथा सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बंदियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं एवं स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। साथ ही कारा प्रशासन को अधिक सतर्क और जवाबदेह बने रहने का निर्देश दिया गया, ताकि जेल व्यवस्था में पारदर्शिता और अनुशासन बना रहे। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से यह स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी आवश्यक है। बक्सर प्रशासन एवं पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु लगातार सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई जारी है।










