महर्षि विश्वामित्र कॉलेज में क्विज प्रतियोगिता, छात्रों में दिखा उत्साह और प्रतिभा
बक्सर। महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के बीबीए एवं बीसीए विभाग ने हाल ही में एक भव्य क्विज़ टेस्ट का सफल आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साह और ज्ञानवर्धन के साथ भाग लिया। इस आयोजन ने छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और विषयगत रुचि को बढ़ावा दिया। कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. कृष्ण कांत सिंह के प्रेरणादायी नेतृत्व और शिक्षण पद्धतियों में नवाचार का प्रमुख योगदान रहा। उन्होंने छात्रों के सर्वांगीण विकास और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को प्राथमिकता देते हुए शैक्षणिक माहौल को सजीव और प्रेरक बनाया। बीबीए एवं बीसीए विभाग के समन्वयक डॉ. पंकज चौधरी और डॉ. सैकत देबनाथ ने आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षकों अरविंद कुमार, सरोज सर्राफ, यथार्थ राज, अरुण कुमार ओझा एवं मधुसूदन ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कार्यक्रम को प्रभावशाली बनाया। संपूर्ण समन्वय का कार्य शिवम भारद्वाज ने कुशलता और सूझबूझ के साथ निभाया। यह क्विज़ टेस्ट महाविद्यालय में विकसित सकारात्मक शैक्षणिक परिवेश और उत्कृष्ट शिक्षा के प्रतीक के रूप में उभरा।










