भाजपा स्थापना दिवस पर बक्सर में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता, मंत्री रमा निषाद ने फहराया ध्वज
बक्सर। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस 6 अप्रैल को जिले के अहिरौली स्थित पार्टी कार्यालय में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार की पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री सह जिला प्रभारी रमा निषाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मंत्री ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पार्टी का ध्वज फहराया, जिसके बाद कार्यालय परिसर “भारत माता की जय”, “अटल बिहारी अमर रहें” और अन्य नारों से गूंज उठा। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन महामंत्री धनंजय त्रिगुण ने किया। मंत्री रमा निषाद ने कहा कि भाजपा लाखों कार्यकर्ताओं के त्याग, समर्पण और बलिदान पर खड़ी है तथा 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करना सभी की जिम्मेदारी है। बैठक में अरुण कुशवाहा, विजय कुमार सिंह, विनोद राय सहित कई पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










