बिजली की चिंगारी से बधार में भीषण आग, 10 बीघा गेहूं की फसल खाक, लाखों का नुकसान
इटाढ़ी। स्थानीय थाना क्षेत्र के विझौरा-कुकुढ़ा बधार में रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे भीषण अगलगी की घटना सामने आई। बताया जाता है कि बिजली की चिंगारी से गेहूं की तैयार फसल में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस अग्निकांड में करीब 10 बीघा में लगी गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग से विझौरा निवासी केदार चौधरी, रामाशीष चौधरी, राजेश्वर चौधरी और तेजनारायण द्विवेदी के खेतों में भारी नुकसान हुआ है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक किसानों की मेहनत पर पानी फिर चुका था। इस अगलगी में किसानों की लाखों रुपये की फसल नष्ट हो गई। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।










