बक्सर के अविनाश पहलवान भारतीय टीम के सपोर्टिंग स्टाफ में चयनित, एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में निभाएंगे भूमिका
चौसा। प्रखंड स्थित चौसा निवासी अविनाश पहलवान का चयन सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम के सपोर्टिंग स्टाफ में किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 6 से 12 अप्रैल 2026 तक बिश्केक, किर्गिज़स्तान में आयोजित होगी। इस चयन से क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। अविनाश पहलवान ने अपनी इस उपलब्धि पर संजय सिंह (भारतीय कुश्ती संघ अध्यक्ष), विशाल सिंह, विनय सिंह सहित सभी वरिष्ठ कुश्ती पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वर्तमान में वे भारतीय सेना में कार्यरत हैं और पूर्व में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी के रूप में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने अपने खेल जीवन में कड़ी मेहनत के बल पर क्रोएशिया, जर्मनी, मैसिडोनिया, यूक्रेन, चीन सहित कई देशों में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे बिहार और विशेषकर बक्सर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस अवसर पर विकास राज, अशोक सिंह, राजू खरवार, चंदा चौरसिया, रितेश चंद्रवंशी, कृष्णा गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।










