ज्योतिषाचार्य पं. द्वीप नारायण द्विवेदी की 10वीं पुण्यतिथि पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, विद्वता को किया नमन
बक्सर। चरित्रवन मनोहर मिल हाता में महान ज्योतिषाचार्य चूड़ामणि पुरस्कार से सम्मानित पंडित द्वीप नारायण द्विवेदी की 10वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कामेश्वर पांडेय ने की, जबकि संचालन बजरंगी मिश्रा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित द्विवेदी के तैल चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। उनके पुत्र राम प्रसन्न द्विवेदी सहित उपस्थित सभी लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। अपने अध्यक्षीय संबोधन में कामेश्वर पांडेय ने कहा कि पंडित द्विवेदी ज्योतिष और कर्मकांड के महान विद्वान थे, जिनकी विद्वता को बनारस से लेकर मिथिला तक के पंडित स्वीकार करते थे। उन्होंने कहा कि उनकी विद्वता का कोई सानी नहीं था। संचालन कर रहे बजरंगी मिश्रा ने कहा कि पंडित जी हर विवाद का समाधान शास्त्रीय प्रमाणों के आधार पर करते थे, जो उनकी गहरी ज्ञान-सम्पदा को दर्शाता है। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में धनु लाल ‘प्रेमातुर’, पीडीएस अध्यक्ष कृष्णा चौबे, चौसा प्रखंड कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजा रमण पांडेय, शिवाकांत मिश्रा, गुप्तेश्वर चैबे, अजय पांडेय, अशोक पांडेय, बबन उपाध्याय, विकास उपाध्याय, सुधीर चौबे, धनजी पांडेय सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।










