बड़ी कार्रवाई डुमरांव में, भारी मात्रा में गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क पर शिकंजा
डुमराँव। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। इसको लेकर एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया की 30 मार्च 2026 को डुमराँव थाना क्षेत्र के जंगल बाजार रोड स्थित शक्ति द्वार निवासी छोटे तुरहा के घर में गांजा रखकर उसकी खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमराँव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। टीम में सर्किल इंस्पेक्टर डुमरांव अरविंद कुमार, थानाध्यक्ष संजय सिन्हा, एसआई गौतम कुमार, अर्चना कुमारी, मतेंद्र कुमार एवं डीआईयू की टीम शामिल थी। विशेष टीम द्वारा कार्रवाई के दौरान छोटे तुरहा के घर से कुल 78.965 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। मौके से छोटे तुरहा के साथ सिकरौल थाना के भदार निवासी भीम कुमार और भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी के मसाढ़ निवासी सत्येन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मुख्य सप्लायर सत्येन्द्र कुमार ने स्वीकार किया कि वह पहले भी मादक पदार्थ के कारोबार में शामिल रहा ळें एसडीपीओ ने बताया की अभियुक्त सतेंद्र कुमार उदवंतनगर थाना में दर्ज एनडीपीएस एक्ट मामले में अभी फरार चल रहा है। फिलहाल वह फरारी में ही अपने अन्य सहयोगियों के साथ इस धंधे को जारी रखे हुए था। पुलिस ने मौके से एक सफेद रंग की कार (बीआर01 बीआर 5423) और एक मोबाइल भी जब्त किया है। इस संबंध में डुमराँव थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस बारे में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया की पुलिस मुख्य सप्लायर के निशानदेही पर गांजा सप्लाई के इस नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त करने के लिए अभियान चलाएगी। जिसके लिए बक्सर पुलिस कृत संकल्पित है।










