बक्सर में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, फील्ड प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न
बक्सर। जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह कार्य 02 मई से 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके सफल क्रियान्वयन हेतु प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से जिला स्तर पर फील्ड प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, जिले के 11 प्रखंडों एवं 5 नगर निकायों से नामित कुल 72 फील्ड प्रशिक्षकों को दो बैच में 23 मार्च से 28 मार्च तक प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण राज्य स्तर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर अरविन्द कुमार सिंह (निदेशक, डीआरडीए) एवं हेमंत कुमार चैबे (सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, इटाढ़ी) द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के समन्वयक के रूप में जनगणना निदेशालय, पटना द्वारा जर्नादन प्रसाद राय को प्रतिनियुक्त किया गया था। प्रशिक्षण के समापन पर अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने फील्ड ट्रेनरों से फीडबैक लिया और उनकी तैयारियों पर संतोष जताया। अब अगले चरण में 06 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक चार्ज स्तर पर प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण चार बैचों में आयोजित किया जाएगा। साथ ही, 17 अप्रैल से सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल शुरू होगा, जिस पर नागरिक 01 मई तक स्वयं गणना कर सकेंगे।










