महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में क्विज प्रतियोगिता आयोजित, छात्रों ने दिखाया उत्साह
बक्सर। महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के जंतु विज्ञान विभाग द्वारा एक क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के विभिन्न विषयों के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में शैक्षणिक रुचि एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ावा देना था। क्विज प्रतियोगिता में शामिल छात्रों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. कृष्णा कांत सिंह ने कहा कि यह महाविद्यालय महर्षि विश्वामित्र के नाम पर स्थापित है, जिन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि महर्षि विश्वामित्र के शिष्य भगवान राम और लक्ष्मण इस परंपरा के आदर्श उदाहरण हैं। उन्होंने छात्रों से अनुशासन के साथ शिक्षा ग्रहण कर देश, समाज और महाविद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शशि काला तथा सहायक प्राध्यापक डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ती है और वे भविष्य के कर्णधार बनते हैं। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक डॉ. रास बिहारी शर्मा, डॉ. पंकज चौधरी, डॉ. अवनीश कुमार पाण्डेय, डॉ. नवीन शंकर पाठक, डॉ. प्रिय रंजन चौबे, डॉ. आलोक चतुर्वेदी, डॉ. छाया चैबे, डॉ. रवि प्रभात, डॉ. सीमा, डॉ. अर्चना पांडेय सहित सभी प्राध्यापक उपस्थित रहे।










