चैती छठ एवं रामनवमी को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
बक्सर। सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर के कार्यालय कक्ष में उनकी अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक आगामी चैती छठ एवं रामनवमी पर्व के दौरान नगर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर बुलाई गई थी। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बक्सर, नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी, थानाध्यक्ष बक्सर नगर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में दोनों पर्वों के अवसर पर की जाने वाली प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु विभिन्न प्रस्तावों पर विचार किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पर्व के दौरान किसी भी स्थिति में डीजे का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों पर आवश्यक दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि यदि पूजा समितियों द्वारा लाउडस्पीकर की अनुमति की मांग की जाती है तो बिहार कंट्रोल एंड यूज ऑफ लाउडस्पीकर एक्ट के प्रावधानों के अनुसार सीमित संख्या में अनुमति दी जा सकती है। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद को निर्देश दिया गया कि पर्व से पूर्व नगर एवं गंगा घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं।










