जननायक कर्पूरी ठाकुर विधि महाविद्यालय, बक्सर में दो कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर विदाई
बक्सर। जननायक कर्पूरी ठाकुर विधि महाविद्यालय, बक्सर में सहायक व्याख्याता राजेंद्र कुमार एवं परिचारी दशरथ सिंह के सेवानिवृत्ति अवसर पर पुस्तकालय भवन में भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने दोनों कर्मियों के लंबे सेवाकाल और योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम में महाविद्यालय के संस्थापक सह अध्यक्ष गणपति मंडल, सचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, प्राचार्य डॉ. कृष्ण अली अलवर्ट, सहायक व्याख्याता मनोज कुमार ठाकुर, मंगल सिंह, निर्मल कुमार मिश्रा, भृगुनाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि राजेंद्र कुमार ने वर्ष 2003 से सहायक व्याख्याता के रूप में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि दशरथ सिंह ने परिचारी के रूप में स्थापना काल से अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन किया। दोनों के कार्य, व्यवहार और अनुशासन ने महाविद्यालय के वातावरण को सुदृढ़ बनाया। समारोह के अंत में दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की गई।










