बिहार सेंट्रल स्कूल के विद्यार्थियों ने ओलंपियाड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर रचा इतिहास, 13 छात्रों ने हासिल की शीर्ष रैंक
बक्सर। शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल के विद्यार्थियों ने ओलंपियाड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह परीक्षा 18 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी, जिसमें कक्षा 1 से 12वीं तक के कुल 310 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। घोषित परिणामों में विद्यालय के 13 विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला स्तर पर शीर्ष रैंक हासिल की। कक्षा 10वीं की रौशनी सिंह ने राष्ट्रीय, राज्य और जिला तीनों स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार सफलता दर्ज की। इसी कक्षा की रौशनी कुमारी ने तीनों स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि आयुष्मान सिंह ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कक्षा 9वीं के अभिषेक कुमार सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर 8वां स्थान तथा राज्य और जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। श्वेतांक पांडेय ने राज्य स्तर पर उच्च रैंक प्राप्त की, जबकि अश्विनी ने जिला स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 8वीं की पलक श्रीवास्तव, कक्षा 5वीं के प्रिंस सिंह (जिला स्तर द्वितीय) और नवनीत कुमार राय ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 1 के ब्रजेश कुमार (जिला स्तर प्रथम) और अमृता कुमारी ने भी सफलता अर्जित की। कक्षा 12वीं की ज्योति कुमारी ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ओलंपियाड जैसी परीक्षाएं छात्रों के ज्ञान और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ाती हैं। उन्होंने अभिभावकों को भी शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रशासन ने सभी सफल विद्यार्थियों को सम्मानित करने की घोषणा की है।










