शिक्षा विभाग बक्सर की ई-पत्रिका “बोधिका” का लोकार्पण, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की भी शुरुआत
बक्सर। शिक्षा विभाग बक्सर के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कृ यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं एक्स (ट्विटर) की शुरुआत के साथ विभाग की मासिक शैक्षिक ई-पत्रिका “बोधिका” के मार्च अंक का विमोचन सोमवार को किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप रंजन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (ईई और एसएसए) चन्दन कुमार द्विवेदी, डायट डुमरांव के वरीय व्याख्याता डॉ. नवनीत कुमार सिंह तथा पत्रिका के संपादन से जुड़े सदस्यों ने संयुक्त रूप से ई-पत्रिका का लोकार्पण किया। जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप रंजन ने कहा कि “बोधिका” जिले के विद्यालयों में हो रहे शैक्षणिक नवाचार, गतिविधियों और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान कर रही है। वहीं डीपीओ चन्दन कुमार द्विवेदी ने कहा कि यह पत्रिका शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए सृजनात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बन रही है। डॉ. नवनीत कुमार सिंह ने इसे शिक्षा से जुड़े लोगों के बीच संवाद का प्रभावी मंच बताया। कार्यक्रम में विमल कुमार सिंह, मो. इमाम अली अंसारी, डॉ. मृत्युंजय राय, सुगंधा कुमारी, रवि प्रकाश और राजेश कुमार राय सहित कई शिक्षाविद मौजूद रहे। सभी ने “बोधिका” के प्रकाशन की सराहना की।










