बक्सर विधानसभा में पोलिंग पार्टियों की विस्तृत ब्रीफिंग, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान की तैयारी पूरी
बक्सर। बक्सर विधानसभा क्षेत्र के डिस्पैच सेंटर, चुरामनपुर में रिटर्निंग ऑफिसर सह एसडीएम बक्सर द्वारा सभी पोलिंग पार्टियों के साथ विस्तृत प्रेस ब्रीफिंग की गई। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान दिवस से पूर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए माइक्रो प्लान, लॉजिस्टिक सपोर्ट, रूट चार्ट एवं पोलिंग पार्टी मूवमेंट की रूपरेखा पर विस्तृत जानकारी साझा की। आर.ओ. महोदय ने पोलिंग पार्टियों को निर्देशित किया कि ईवीएम-वीवीपैट की सुरक्षा, हैंडलिंग एवं सीलिंग प्रक्रिया का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। प्री-पोल चेकलिस्ट, स्कैनिंग, आवश्यक दस्तावेजों का संधारण एवं रिपोर्टिंग ईसीआईप्रोटोकॉल के अनुरूप किया जाए। मतदान केंद्रों पर महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुगम मतदान व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता के पूर्ण पालन पर बल दिया गया। उन्होंने वेबकास्टिंग, पिंक बूथ, आदर्श बूथ, युवा बूथ एवं पारंपरिक बूथों पर विशेष निगरानी, रिकॉर्डिंग और रियल टाइम अपडेट की अनिवार्यता पर भी जोर दिया। सभी पोलिंग पार्टियों को समयानुसार डिस्पैच, सामग्री सत्यापन एवं किसी भी शंका की स्थिति में कंट्रोल रूम से तत्काल संपर्क करने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग द्वारा निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करने हेतु सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।










