जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर आज करेंगे बक्सर में भव्य रोड शो
बक्सर। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर आज यानी 4 नवम्बर मंगलवार को ऐतिहासिक नगरी बक्सर में एक भव्य रोड शो करेंगे। यह रोड शो दोपहर 1 बजे अम्बेडकर चौक से प्रारम्भ होकर ज्योति चैक, मॉडल थाना, रामरेखा घाट, पी.पी. रोड, ठठेरी बाजार और जमुना चौक से गुजरता हुआ सिंडिकेट पर सम्पन्न होगा। इस कार्यक्रम की जानकारी जन सुराज के बक्सर विधानसभा प्रत्याशी तथागत हर्षवर्धन ने दी। उन्होंने बताया कि इस रोड शो के माध्यम से प्रशांत किशोर जनता से सीधा संवाद करेंगे और बिहार में जन-भागीदारी से सुशासन की स्थापना का संदेश देंगे। उन्होंने बक्सर की जनता से अपील की कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर परिवर्तन की इस ऐतिहासिक यात्रा को सफल बनाएं। तथागत हर्षवर्धन ने कहा कि शहर में उत्साह और जोश का माहौल है। हज़ारों की संख्या में युवा, महिलाएँ, किसान, व्यापारी और प्रबुद्ध नागरिक इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ सप्ताहों में जन सुराज टीम ने गाँव-गाँव जाकर जनसंवाद किया है और जनता का समर्थन यह दर्शाता है कि बक्सर ने बदलाव का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि जन सुराज आंदोलन किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि बिहार के हर नागरिक के सपनों का आंदोलन है, जहाँ जनता की आवाज़ ही शासन की दिशा तय करेगी। यह रोड शो जनता के विश्वास और आशा की अभिव्यक्ति होगा, जो बिहार में सुंदर शासन की नींव रखेगा।










