बिलौटी में पीड़ित परिजनो से मिले कांग्रेसी नेता

भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ में मृत भरत तिवारी के परिजनों से मिलने कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।
कांग्रेस नेताओं ने घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि मामले की सच्चाई सामने लाना आवश्यक है। डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने न्यायिक अथवा स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, सुरक्षा तथा न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा इस मुद्दे को मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के समक्ष भी उठाएगी।










