मोबाइल लूटकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

थाना पुलिस ने मोबाइल एवं नकदी लूट की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 28 जनवरी 2026 को राहुल कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जनवरी की शाम करीब 6:30 बजे गंगेश्वर बाजार से घर लौटने के दौरान कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला कर मोबाइल फोन और नकदी लूट ली थी।
मामले में सोनवर्षा थाना कांड संख्या 10/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में रितेश कुमार, विनय प्रकाश सिंह, मिथुन कुमार एवं एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल हैं। सभी के विरुद्ध अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव, सोनवर्षा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता बताया है।










