विश्व पर्यावरण दिवस पर व्यवहार न्यायालय में की गई पौधारोपण
100 वर्ष पुराने पांच ऐतिहासिक पेड़ों के संरक्षण का लिया गया संकल्प

माननीय बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (पटना) के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार बक्सर द्वारा व्यवहार न्यायालय स्थित न्याय वाटिका में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की शुरुआत की गई l जिसमें न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ता संघ द्वारा सामूहिक रूप से पौधारोपण का कार्य किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम उदय प्रताप सिंह, कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश मनोज कुमार प्रथम, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश मनीष कुमार शुक्ला, मानस कुमार वत्सल, सुनील कुमार द्वितीय और मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी देवेश कुमार शामिल हुए। इनके साथ ही अवर न्यायाधीश भोला सिंह व महेश्वर नाथ पांडेय, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बबन ओझा और सचिव बिंदेश्वरी प्रसाद पांडेय सहित बक्सर न्याय मंडल में कार्यरत अन्य न्यायाधीशों द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस मौके पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार बक्सर द्वारा जिले के 100 साल से भी अधिक पुराने 5 ऐतिहासिक पेड़ों को गोद लेकर उनके संरक्षण का कार्य शुरू किया गया हैं। इनमें से तीन वट वृक्ष, सोंधिला गांव में और दो पीपल का वृक्ष मंगोलपुर हकीमपुर पंचायत इटाढ़ी प्रखंड में अवस्थित हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव नेहा दयाल ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण से जुड़े कानूनों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, महत्वपूर्ण न्यायिक घोषणाओं और सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।










