जिला मुख्यालय के गोला बाजार में दुकान में लगी भीषण आग
दमकल विभाग की आधा दर्जन गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम गोला बाजार में मंगलवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया जब एक किराना दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में दुकान में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट कर आग़ पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दिए। क्योंकि आसपास तमाम बड़ी-बड़ी दुकान मौजूद थी जिसमें आग लगने की संभावना बन गई थी। हालांकि अनुमंडल कार्यालय नगर परिषद एवं दमकल विभाग एलर्ट मोड में आया और दमकल की लगभग आधा दर्जन गड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची जिससे आग पर काबू पा लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोला बाजार स्थित भोलाराम छोटू लाल किराना दुकान में देर शाम अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगते ही दुकान से धुएं का गुबार और ऊंची-ऊंची लपटें निकलने लगीं, जिसे देखकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग घबरा गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि दमकल कर्मियों के पहुंचने तक आग दुकान में रखे अधिकांश सामान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया और आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक दिया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो गोला बाजार जैसे घनी आबादी और व्यावसायिक क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था।
चैंबर ऑफ़ कॉमर्स ने किया दौरा
चैंबर ऑफ़ कॉमर्स प्रेसिडेंट और सिक्रेटरी ने घटनास्थल पर पहुँच कर पीड़ित व्यवसायी लल्लू जी से मुलाकात किया और निरीक्षण करने के बाद आपदा विभाग, जिला प्रशासन और सरकार से मुवाबजे की माँग की गई, साथ ही साथ अग्निशमन अधिकारी से मांग किया गया कि महिला थाना में स्थाई रूप से एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी रखी जाए ताकि आग लगने पर तुरंत काबू पाया जा सके ।क्योंकि पोस्ट ऑफिस के सामने गोला बाजार और मुनीम चौक के आस पास बड़ी बड़ी दुकानें सकरी गली में है.
पूर्व विधायक ने की निष्पक्ष जांच की मांग
बक्सर। पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी ने गोला बाजार में जली दुकान में पहुंचकर मुआयना किया फिर सदर के अंचलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर संबंधित मामले की निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया। उन्होंने निर्देश दिया कि पीड़ित एवं प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से मिलने वाली सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा सरकारी प्रावधानों के तहत यथासंभव हर प्रकार की मदद सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पूर्व विधायक ने बताया कि वह कल बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री से भी मुलाकात करेंगे तथा प्रभावित परिवारों के लिए विशेष सहायता एवं राहत उपलब्ध कराने का आग्रह करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि पीड़ितों को न्याय एवं सहायता दिलाने हेतु हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान एवं उनके हितों की रक्षा के लिए पूर्व विधायक मुन्ना तिवारी सदैव तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।










