वीर कुंवर सिंह सेतु पर 668 लीटर विदेशी शराब जब्त, हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार
बक्सर। वीर कुंवर सिंह सेतु चेक पोस्ट पर सोमवार को वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक महिंद्रा पिकअप वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। जब्त वाहन का नंबर एचआर 66 सी 1231 है। पुलिस ने मौके से हरियाणा निवासी प्रदीप नामक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसकी उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। जांच के दौरान वाहन से कुल 668.100 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इसमें ऑल सीजन व्हिस्की के 3570 पीस 180 एमएल, ब्लेंडर्स प्राइड की 12 बोतल, मैजिक मोमेंट वोडका की 12 बोतल तथा बकार्डी रम की 10 बोतल शामिल है। पुलिस के अनुसार शराब की खेप हरियाणा के अंबाला से बिहार के दरभंगा पहुंचाई जानी थी। गिरफ्तार तस्कर हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला अंतर्गत उपमापुर गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है तथा शराब तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।










