जनजातीय गरिमा उत्सव में डीएम साहिला ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
बक्सर। (जिला जन संपर्क कार्यालय)। समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में भारत सरकार के जनजातीय मंत्रालय द्वारा संचालित “जनजातीय गरिमा उत्सव” का दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया गया। यह अभियान 18 मई से 25 मई 2026 तक चलेगा, जिसके तहत 49 जनजातीय गांवों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, अपर समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें जागरूक करना है। शिविरों में आधार, आयुष्मान भारत कार्ड, राशन, पेंशन, बैंकिंग, स्वास्थ्य जांच, किसान योजना, उज्ज्वला, मनरेगा, जनधन, सुकन्या समृद्धि, प्रधानमंत्री जीवन बीमा, मुद्रा योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने सभी बीडीओ एवं संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि 10 प्रखंडों के 49 गांवों में माइक्रोप्लान के अनुसार शिविर लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कल्याण पदाधिकारी एवं विकास मित्र उपस्थित रहे। अभियान का स्लोगन “जन भागीदारी सबसे दूर, सबसे पहले” रखा गया है।










