अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान तेज, स्कूलों व स्वास्थ्य केंद्रों में मॉक ड्रिल आयोजित
बक्सर। जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देश पर जिले में अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, प्रधान अग्निक प्रमोद कुमार सिंह एवं अन्य कर्मियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण, मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत लोगों को पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रशिक्षण दिया गया तथा आग लगने की स्थिति में बचाव, सुरक्षित निकासी और प्राथमिक उपायों की जानकारी दी गई। विभाग द्वारा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बक्सर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर, प्राथमिक विद्यालय सेतु राजपुर, मध्य विद्यालय नरबतपुर चौसा, मध्य विद्यालय मिश्रवलिया चौसा एवं चाइल्ड क्लिनिक चरित्रवन में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा संबंधी बैनर एवं होर्डिंग लगाए गए हैं। विभागीय हेल्पलाइन नंबर 7485805930 और 7485805931 के साथ डायल 101 एवं 112 की जानकारी भी लोगों को दी जा रही है। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में अग्निशमन हाइड्रेट की पहचान और जीविका दीदियों के साथ बैठक कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।











