भरियार में श्रीमद्भागवत कथा से गूंजा माहौल, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
चक्की। प्रखंड के भरियार गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना हुआ है। पूज्य जीयर स्वामी जी महाराज के मंगलानुशासन में चल रही इस कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दूर-दराज से प्रवचन सुनने के लिए पहुंच रहे हैं और धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। कथा वाचन करते हुए आचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा अत्यंत दुर्लभ और मोक्ष प्रदान करने वाली है। यह न केवल इस लोक, बल्कि परलोक को भी सुधारने का मार्ग दिखाती है। उन्होंने बताया कि इस दिव्य कथा का श्रवण देवताओं को भी सहज रूप से प्राप्त नहीं होता, इसलिए मनुष्य जीवन में इसका अवसर मिलना अत्यंत सौभाग्य की बात है। आचार्य ने आगे कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल प्रयास से नहीं, बल्कि गुरु और भगवान की कृपा से प्राप्त होती है। जब तक जीवन में गुरु का मार्गदर्शन और ईश्वर की कृपा नहीं होती, तब तक ऐसी दिव्य अनुभूति संभव नहीं है। धर्मावती नदी के किनारे स्थित भरियार गांव में चल रही इस कथा में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और प्रवचन सुन रहे हैं। बताया गया कि आज दोपहर 2 बजे जीयर स्वामी जी महाराज का आगमन भी होने वाला है, जिसमें और अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस संबंध में राकेश तिवारी एवं प्रदीप तिवारी ने बताया कि प्रवचन के बाद सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीण महिला और पुरुष बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।










