जनगणना अभियान तेज, अधिकारियों ने किया निरीक्षण व दिए निर्देश
बक्सर। जिले में जनगणना कार्य के तहत मकान सूचीकरण एवं गणना अभियान तेज़ी से संचालित हो रहा है। इसी क्रम में प्रखंड चौसा के बनारपुर गांव में प्रगणक राम लाल एवं पर्यवेक्षक सुरेंद्र उपाध्याय (सुपरवाइजर, सर्किल संख्या-7) द्वारा भवन संख्या-38, मकान संख्या-0039 के अंतर्गत घर के मुखिया शैलेंद्र सिंह के मकान का सूचीकरण सहायक समाहर्ता फरखंदा कुरैशी की उपस्थिति में किया गया। वहीं प्रखंड बक्सर के लक्ष्मीपुर गांव में प्रगणक सुरेंद्र प्रसाद एवं पर्यवेक्षक गोपाल जी राय (एचएलबी-0060) द्वारा भवन संख्या-1, परिवार संख्या-1 के अंतर्गत पिंटू राय के मकान का सफलतापूर्वक गणना कार्य संपन्न किया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी तथा लाइजन पदाधिकारी हेमंत कुमार चौबे (सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी एवं मास्टर प्रशिक्षक) भी उपस्थित रहे। सहायक समाहर्ता द्वारा चौसा एवं बक्सर प्रखंड के प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया गया कि मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य शीघ्र पूर्ण करें। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहयोग करें और प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों का सही उत्तर दें। जो परिवार स्वयं स्वगणना कर चुके हैं, वे अपनी स्वगणना आईडी परिवार के अन्य जिम्मेदार सदस्य को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रगणक के आगमन पर प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जा सके। इसके अतिरिक्त, मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य की प्रतिदिन चार्ज स्तर पर अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।










