जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
बक्सर। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में 4 मई 2026 को जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। खेल मैदान निर्माण कार्य अधूरा पाए जाने पर मनरेगा से जुड़े पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया तथा कार्य जल्द पूरा कराने को कहा गया। सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए हॉटस्पॉट चिन्हित कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया। साथ ही नशीले पदार्थों के विरुद्ध अभियान तेज करने को कहा गया। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लंबित ऋण आवेदनों को शीघ्र स्वीकृत करने के लिए बैंकों के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में जॉब कार्ड, आधार और राशन कार्ड से जुड़े आवेदनों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए गए। हीट वेव को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा अवैध नाव संचालन पर रोक, सड़क मरम्मत, पाइपलाइन सुधार और जनता दरबार के लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।










