फाउंडेशन स्कूल में अंबेडकर जयंती समारोह, शिक्षकों ने लिया आदर्शों पर चलने का संकल्प
बक्सर। फाउंडेशन स्कूल, बक्सर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। उल्लेखनीय है कि विद्यालय परिसर में बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी की लिखित परीक्षा भी संपन्न हो रही थी। इसी कारण कार्यक्रम दोनों पालियों के मध्य अवकाश के दौरान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में परीक्षा कार्य में लगे सरकारी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण, अकादमिक एक्सीलेंस डॉ. एस. के. दुबे, रामायण राय, अनिल ओझा, राजीव पाठक, संजीव सिंह, सरोज सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं में जमाल अहमद सिद्दिकी, रूबी कुमारी, अरविंद कुमार, सरिता कुमारी, अजीत कुमार, कुसुम चौहान एवं दुलारचंद ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभी उपस्थित लोगों ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण करते हुए किया गया। इस अवसर पर डॉ. अंबेडकर के सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के संदेश को याद किया गया तथा उसे अपनाने का आह्वान किया गया।










