सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर स्वर्णकार समाज ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापनं
बक्सर। जिले के सर्राफा व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर स्वर्णकार समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बाजार क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और ज्वेलर्स को निशाना बनाए जाने की आशंका जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा आवश्यकता अनुसार सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से प्रमुख सर्राफा बाजारों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने और व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाने का आग्रह किया। इस दौरान अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष अशोक सराफ, महामंत्री विनय वर्मा, अनूप वर्मा, राम मनोहर लोहिया सहित कई गणमान्य सर्राफा व्यवसायी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल में विनोद वर्मा ने अपनी प्रतिष्ठित पत्रिका “आभूषण वल्र्ड” की प्रति पुलिस अधीक्षक एवं जिलाधिकारी को भेंट की। उन्होंने बताया कि यह पत्रिका ज्वेलरी उद्योग से जुड़े व्यापारियों, कारीगरों और बाजार गतिविधियों को एक मंच प्रदान करती है। सभी व्यवसायियों ने एक स्वर में कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वे निर्भीक होकर अपने कार्य का संचालन कर सकें। अंत में प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से शीघ्र ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई, ताकि बक्सर के सर्राफा बाजार में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम रह सके।










