दानी कुटिया में रेडरी का ‘सब पढ़े–सब बढ़े’ अभियान, गरीब बच्चों को मिलेगी निःशुल्क शिक्षा
बक्सर। दानी कुटिया पर एक सराहनीय पहल की शुरुआत होने जा रही है। एनजीओ रेडरी द्वारा यहां निःशुल्क शिक्षण केंद्र खोला जाएगा, जिसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। इस संबंध में संस्था के सचिव वीरेंद्र कश्यप और सदस्य राकेश रंजन दूबे ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था “सब पढ़े-सब बढ़े” अभियान शुरू कर रही है, जिसका टैगलाइन “एक कदम शिक्षा की ओर” रखा गया है। इस अभियान के तहत उन बच्चों को प्राथमिक शिक्षा दी जाएगी, जो आर्थिक तंगी या अन्य कारणों से पढ़ाई से वंचित रह जाते हैं। शिक्षण केंद्र में बच्चों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास किया जाएगा। संस्था के पदाधिकारियों ने समाज के सक्षम और जागरूक लोगों से भी इस पहल में सहयोग की अपील की है, ताकि अधिक से अधिक बच्चों तक शिक्षा पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। इस योजना को सफल बनाने के लिए दानी कुटिया पर अभिभावकों की एक बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस पहल से क्षेत्र के कई बच्चों का भविष्य संवरने की उम्मीद है।










