सरस्वती विद्या मंदिर में त्रिदिवसीय आचार्य कार्यशाला शुरू, नई शिक्षा नीति पर विशेष जोर
बक्सर। नगर के सिविल लाइंस स्थित सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय में सत्र 2025-26 के सत्रावसान के उपरांत आगामी सत्र में छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप सर्वाेत्कृष्ट शिक्षा प्रदान कर उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से त्रिदिवसीय आचार्य कार्यशाला का बुधवार को शुभारंभ हुआ। इस कार्यशाला में विद्या भारती, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति एवं समाज के कई प्रतिष्ठित शिक्षाविदों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त विगत वर्ष के कार्यकलापों पर प्रधानाचार्य शैलेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विद्यालय के आचार्य राममूर्ति कुमार ने प्रांतीय कार्ययोजना को सुनियोजित ढंग से क्रियान्वित करने की योजना प्रस्तुत की। आचार्या रंजू सिन्हा ने भी विगत वर्ष के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की तथा कुछ नए सुझाव साझा किए। वहीं राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अंतर्गत विद्यालय के वाटिका वर्ग की आचार्या संजू सिंह, सुनैना पांडे एवं अनुराधा जी ने डेमो क्लास प्रस्तुत किया। कार्यशाला के द्वितीय दिवस पर कई अतिथि एवं अधिकारीगण के शामिल होने की संभावना है, जिससे कार्यशाला और भी उपयोगी व प्रभावी बनेगी।










