कांग्रेस का बड़ा फैसला, बक्सर में पंकज उपाध्याय बने जिलाध्यक्ष, युवा नेतृत्व को बढ़ावा
बक्सर। कांग्रेस पार्टी ने संगठन को नई दिशा देने की रणनीति के तहत बड़ा बदलाव करते हुए बक्सर जिला कांग्रेस की जिम्मेदारी युवा नेता पंकज उपाध्याय को सौंप दी है। सोमवार को जारी अधिसूचना में राज्य के 53 जिला व नगर अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की गई, जिसमें पंकज उपाध्याय को जिलाध्यक्ष बनाकर पार्टी ने युवाओं पर भरोसा जताया है। छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करने वाले पंकज उपाध्याय लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव पद पर भी कार्य कर चुके हैं और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उन्हें लंबे समय से जिलाध्यक्ष रहे डॉ. मनोज पांडेय के स्थान पर यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। जिलाध्यक्ष बनने के बाद पंकज उपाध्याय ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस से जोड़ना होगी।










