ट्रिनिटी कॉन्वेंट का वार्षिकोत्सव संकल्प 2026 भव्य, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
बक्सर। सदर प्रखंड के चुरामनपुर स्थित ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में “संकल्प 2026” वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें आत्मविश्वास का संचार करते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. ए. के. सिंह ने रामायण और महाभारत पर आधारित प्रस्तुतियों की प्रशंसा की। वहीं जूनियर बच्चों की कव्वाली ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अंग्रेजी नाटक “भगत सिंह” एवं “द एकर ऑफ डायमंड” ने उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के प्रबंधक धीरज पांडेय ने “संकल्प 2026” के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों, शिक्षकों व विद्यार्थियों से मोबाइल से दूरी बनाकर शिक्षा एवं संस्कार पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि नए सत्र से विद्यालय में एआई व रोबोटिक्स कक्षाओं की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को “विवेक शिक्षा रत्न सम्मान” तथा “एक्सीलेंस टीचिंग अवार्ड” से सम्मानित किया गया। अंत में उप प्रबंधक धर्मेंद्र पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर वर्षा पांडेय, धनजी पांडेय, राकेश यादव सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।










