विश्व यक्ष्मा दिवस पर टीबी जांच एवं जागरूकता अभियान आयोजित
बक्सर। विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर मंगलवार को व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध यक्ष्मा (टीबी) मरीजों की पोर्टेबल हैंडहेल्ड एक्सरे मशीन से जांच की गई और कुछ ही समय में रिपोर्ट उपलब्ध करा दी गई। साथ ही सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों की गैर संचारी रोगों जैसे रक्तचाप, शुगर और कैंसर की भी जांच की गई तथा आवश्यक परामर्श एवं दवाएं दी गईं। कार्यक्रम के तहत रैली और पोस्टर-बैनर के माध्यम से लोगों को टीबी के प्रति जागरूक किया गया। जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. शालिग्राम पांडेय ने बताया कि समुदाय में टीबी के लक्षणों की पहचान और समय पर जांच बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक खांसी को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है, इसलिए तुरंत जांच कराना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि टीबी का पूर्ण उपचार संभव है, बशर्ते मरीज दवा का पूरा कोर्स नियमित रूप से लें। सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच एवं उपचार निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने टीबी मुक्त बक्सर के लिए सामूहिक प्रयास और जागरूकता को जरूरी बताया, ताकि संक्रमण की श्रृंखला को तोड़कर इस बीमारी को समाप्त किया जा सके।










