पूर्व सैनिक संघ ने विधायक राहुल सिंह को सौंपा ज्ञापन, 9 वर्षों से लंबित ‘सैनिक कल्याण परिसर’ निर्माण की उठी मांग
डुमराँव। बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, बक्सर के एक प्रतिनिधिमंडल ने डुमरांव विधायक राहुल सिंह से मुलाकात कर 9 वर्षों से लंबित ‘सैनिक कल्याण परिसर’ के निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। यह परिसर वर्ष 2017 से लंबित है, जिसे शीघ्र शुरू कराने की मांग पूर्व सैनिकों ने उठाई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला अध्यक्ष पूर्व सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि बक्सर जिले में लगभग 10,000 पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां हैं, जिनके लिए यह परिसर अत्यंत आवश्यक है। इसमें ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक, सीएसडी कैंटीन, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं विश्राम गृह जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। पूर्व सैनिकों ने मांग की कि जल संसाधन विभाग में लंबित फाइल को आगे बढ़ाया जाए और मुख्यमंत्री तक यह मामला पहुंचाया जाए। यदि चिह्नित भूमि (खाता-260, खेसरा-941) में बाधा हो तो वैकल्पिक सरकारी भूमि पर निर्माण कराया जाए। विधायक राहुल सिंह ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से रखेंगे और सभी बाधाओं को दूर कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने पूर्व सैनिकों की मांगों को जायज बताते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। इस अवसर पर कर्नल एन.एन. सिंह, हरिशंकर सिंह, जितेंद्र प्रसाद सिंह सहित कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सैनिकों के हित में इस परियोजना को जल्द पूरा करने की मांग की।










