पीसी कॉलेज बक्सर में प्रो. रामाशीष सिंह को श्रद्धांजलि, शोक सभा आयोजित
बक्सर। पी०सी० कॉलेज बक्सर में बुधवार को दिवंगत प्रो० (डॉ०) रामाशीष सिंह के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० महेश दत्ता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रो० (डॉ०) रामाशीष सिंह एक कुशल शिक्षक, अनुशासनप्रिय व्यक्तित्व और छात्रों के मार्गदर्शक थे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अपना अमूल्य योगदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उनके निधन से महाविद्यालय परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। शोक सभा में उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मियों ने भी दिवंगत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि प्रो० सिंह का जीवन सादगी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक था, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। अंत में सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहने की शक्ति दें।










