जिला स्थापना दिवस पर 300 छात्रों को मिला सीपीआर प्रशिक्षण, रोटरी बक्सर की पहल
बक्सर। मंगलवार को जिला स्थापना दिवस के अवसर पर रोटरी बक्सर द्वारा पीपीएच कैंप के तहत आचार्य नरेंद्र देव विद्यालय में सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर जीवन रक्षक तकनीकों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान रोटरी बक्सर की टीम ने छात्रों को आपात स्थिति में सीपीआर देने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही, जिला स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर समारोह मनाया गया। कार्यक्रम में डॉक्टर दिलशाद आलम की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने राष्ट्रीय गान के बाद राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य अंजू देवी, शिक्षक रंजीत कुमार, उमेश प्रसाद ठाकुर, अमित यादव, रानी देवी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं। वहीं रोटरैक्ट से राहुल, मनीष और साबित खिदमत अस्पताल से ट्रेनी प्रमोद कुमार भी उपस्थित थे। बताया गया कि रोटरी बक्सर एवं साबित खिदमत अस्पताल की टीम द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में लगातार सीपीआर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










