महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में क्विज प्रतियोगिता संपन्न
बक्सर। महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के तत्वावधान में शैक्षणिक उन्नयन की दिशा में पूर्व निर्धारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को महाविद्यालय परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता तथा प्रतियोगी भावना को विकसित करना था। क्विज प्रतियोगिता वीक्षकों की निगरानी में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की गई। इस दौरान डॉ. अर्चना मिश्रा, डॉ. जयप्रकाश मिश्रा, डॉ. प्रीति मौर्या, डॉ. प्रियरंजन चैबे, डॉ. इशरार आलम तथा डॉ. आलोक कुमार चतुर्वेदी वीक्षक के रूप में उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णा कान्त सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करती हैं। वहीं स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विरेन्द्र कुमार और डॉ. नवीन शंकर पाठक ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महाविद्यालय परिवार ने इतिहास विभाग की सराहना की और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।










