अरक पंचायत भवन में पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित
चक्की। प्रखंड के अरक पंचायत भवन में पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, बक्सर दयानिधि चौबे, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन प्रबंधक चितरंजन प्रसाद सिंह, प्रखंड परियोजना प्रबंधक चक्की अरुण कुमार तथा एबीएफ क्रांति ने संयुक्त रूप से किया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, देखभाल और समय-समय पर टीकाकरण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों को पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनके लक्षण, बचाव के उपाय तथा संतुलित आहार की जानकारी दी गई। साथ ही पशुओं की नियमित जांच और उपचार के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए पशुओं के स्वास्थ्य की देखभाल आवश्यक है। ऐसे जागरूकता शिविरों के माध्यम से पशुपालकों को नई जानकारी मिलती है और उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलती है। इस अवसर पर जीविका के कर्मी संतोष कुमार, सुनील कुमार, संजीव कुमार और बबलू कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पशुपालकों ने भाग लेकर जानकारी प्राप्त की।










