डुमरांव की जनसमस्याओं को लेकर सांसद से मिले रवि उज्ज्वल
डुमरांव। जदयू के पूर्व विधानसभा प्रभारी रवि उज्ज्वल कुशवाहा ने क्षेत्र की लंबित जनसमस्याओं को लेकर जदयू सांसद संजय झा से दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने मुख्य रूप से डुमरांव बाईपास के निर्माण, शहर की मुख्य सड़क की जर्जर स्थिति और पीएचईडी द्वारा की जा रही जलापूर्ति में तकनीकी खामियों पर ध्यान आकृष्ट कराया। रवि उज्ज्वल ने बताया कि बाईपास न बनने से शहर में यातायात दबाव बढ़ रहा है और जाम की समस्या आम है। मुख्य सड़क की खराब हालत से नागरिकों, वाहन चालकों और व्यापारियों को दिक्कत हो रही है। जलापूर्ति व्यवस्था में खामियों के कारण कई इलाकों में पानी नियमित रूप से नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सांसद से आग्रह किया कि संबंधित विभागों को निर्देश देकर इन समस्याओं का समाधान कराया जाए। सांसद संजय झा ने आश्वासन दिया कि वे जनहित से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेकर जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाएंगे और जल्द ही लोगों को राहत दिलाने का प्रयास करेंगे।










