अमृत भारत ट्रेन में मोबाइल चोरी करते युवक पकड़ा, गिरोह का खुलासा
बक्सर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी बक्सर ने यात्रियों का सामान चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत 12 मार्च 2026 को अमृत भारत ट्रेन संख्या 22362 से सुहेल अंसारी को महिला यात्री का मोबाइल झपट्टा मार कर चोरी करते हुए पकड़ा गया। उसके निशानदेही और मुखबिर की सूचना पर गैंग के दो अन्य सदस्य सुहेल खान और धर्मेंद्र कुमार को भी स्टेशन परिसर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेन से मोबाइल और अन्य कीमती सामान चोरी कर गजाधरगंज स्थित मोहम्मद नासिर की मोबाइल दुकान पर बेचते थे। छापेमारी में दो चोरी के महंगे मोबाइल और दुकानदार मोहम्मद नासिर को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने कहा कि वे जेल आरा में भी इसी तरह के अपराध में शामिल थे। तीनों अपराधियों और दुकानदार के खिलाफ जीआरपी बक्सर में विधि सम्मत कार्रवाई की गई। जप्त सामान में महिला का पर्स (200 नकद), 4 मोबाइल और 1 ब्लेड शामिल है। इस कार्रवाई में आरपीएफ निरीक्षक कुन्दन कुमार एवं जीआरपी प्रभारी विकास कुमार की टीम ने हिस्सा लिया।










