सड़क हादसे में सास-बहू की मौत, पीड़ित परिवार को मिली पारिवारिक लाभ योजना की सहायता
इटाढ़ी। प्रखंड क्षेत्र के हरपुर जलवांसी पंचायत अंतर्गत जलवांसी गांव में तीन दिन पूर्व शुक्रवार को हुई सड़क दुर्घटना में सास और बहू की मौत के बाद सोमवार को पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत सहायता राशि प्रदान की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी किरण कुमारी ने मृतक रेशमी देवी के पति भागवत पासवान तथा मृतक प्रियांका देवी के पति हरेराम पासवान को पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। बताया जाता है कि तीन दिन पहले बक्सर-इटाढ़ी मुख्य सड़क पर लालगंज के पास एक ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में बाइक पर सवार सास और बहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया था और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।










