अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर छात्राओं ने किया वृक्षारोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण व नारी सशक्तिकरण का संदेश
बक्सर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रेरणा फाउंडेशन के बैनर तले महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर परिसर में छात्राओं द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नारी सशक्तिकरण का भी संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. के. सिंह ने कहा कि “जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं समाज महान बनता है।” उन्होंने छात्राओं द्वारा किए जा रहे इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। छात्राओं के उत्साह और संकल्प को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे अभिषेक मिश्रा ने बताया कि प्रेरणा फाउंडेशन की स्वयंसेविकाएं समाज सेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। संस्था के माध्यम से जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराया जाता है तथा रात में शहर के चौक-चौराहों पर जरूरतमंद और भूखे लोगों को भोजन भी कराया जाता है। कार्यक्रम के अंत में विवेक सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर वीरेंद्र, चिन्मय प्रकाश झा, अंजली दुबे, समीक्षा कुमारी, आकांक्षा कुमारी, सपना कुमारी, नेहा कुमारी, खुशी कुमारी, मुस्कान कुमारी, पूर्णिमा कुमारी, अनन्या कुमारी, कृष्ण कुमार, आशीष मिश्रा, ऋषु मिश्रा, राहुल रंगीला सहित कई लोग उपस्थित रहे।










