बड़ी खबर
डीएम साहिला का दत्तक ग्रहण संस्थान का औचक निरीक्षण, बच्चों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश
बक्सर। जिला पदाधिकारी साहिला ने शनिवार को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, बक्सर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संस्थान में कुल पांच बच्चे आवासित पाए गए। डीएम ने बच्चों की देखभाल, खान-पान, चिकित्सा व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों के अनुरूप भोजन के मेन्यू में आवश्यक सुधार किया जाए तथा स्वास्थ्य जांच के लिए प्रति सप्ताह डॉक्टर से चेकअप की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही डॉक्टर की सलाह को लिखित रूप में संधारित कर उसका पालन करने का निर्देश दिया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से चौकीदार की प्रतिनियुक्ति के लिए पुलिस अधीक्षक से अनुरोध करने को कहा गया। डीएम ने बच्चों के कमरों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा उनके अनुकूल पेंटिंग लगाने का भी निर्देश दिया। सहायक निदेशक को निर्देश दिया गया कि दत्तक दिए गए बच्चों के दंपतियों के साथ तय अंतराल पर फॉलोअप किया जाए। निरीक्षण के दौरान समन्वयक सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।










