बड़ी खबर
चैती छठ को लेकर एसडीओ ने गंगा घाटों का किया निरीक्षण, सफाई और सुरक्षा के दिए निर्देश
बक्सर। आगामी चैती छठ पर्व को लेकर शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने गंगा घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न घाटों की स्थिति का जायजा लेते हुए खतरनाक घाटों को चिन्हित कर उन्हें प्रतिबंधित करने का निर्देश नगर परिषद को दिया। निरीक्षण के दौरान रामरेखा घाट, गायत्री घाट, सतीघाट, गोलाघाट, सिद्धनाथ घाट, पुलिया घाट और अहिरौली घाट की सफाई, बैरिकेटिंग और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही नगर परिषद को घाटों की साफ-सफाई समय से पहले पूरा करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने का भी निर्देश दिया, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय, चेयरमैन प्रतिनिधि निजाम तुला फरीदी, रेडक्रॉस सचिव डॉ. श्रवण तिवारी, नगर परिषद के पदाधिकारी, स्वच्छता सिटी मैनेजर तथा सफाई निरीक्षक मौजूद रहे। प्रशासन ने समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।










