अमेरिकी प्रोफेसर ग्रेग ने जन शिक्षण संस्थान में प्रशिक्षणार्थियों से किया संवाद
बक्सर। जन शिक्षण संस्थान, बक्सर में राष्ट्रीय स्प्रे टैनिंग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अमेरिका के पेनसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर एवं हिंदी के विद्वान प्रोफेसर ग्रेगोरी गोल्डिंग (ग्रेग) ने भाग लिया और प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया। प्रोफेसर ग्रेग ने बताया कि अमेरिका में लोग त्वचा को सुरक्षित तरीके से सुनहरा रंग देने के लिए स्प्रे टैनिंग का उपयोग करते हैं। यह दिवस धूप के बिना सुरक्षित टैनिंग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं के नेतृत्व वाले ब्यूटीशियन उद्योग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में संस्कृत का अध्ययन 100 वर्षों से अधिक समय से तथा हिंदी करीब 70 वर्षों से पढ़ाई जा रही है। भारत यात्रा के दौरान उन्होंने बिहार और उत्तर प्रदेश की ग्रामीण संस्कृति को करीब से देखा और होली मिलन कार्यक्रम में भी भाग लिया। इस अवसर पर जन शिक्षण संस्थान, बक्सर की ओर से उन्हें जूट से बनी पारंपरिक गुड़िया भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्थान के फाउंडर चेयरमैन निर्मल सिंह ने प्रोफेसर ग्रेग के हिंदी प्रेम और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके लगाव की सराहना की। वही कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सिंह, अविनाश कुमार, सुमन कुमारी, अनुदेशिका बिंदु और श्रुति श्रीवास्तव सहित कई प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।










