बिहार सेन्ट्रल स्कूल होली मिलन समारोह, रंगों संग गूंजा सौहार्द और समरसता संदेश
बक्सर। बिहार सेन्ट्रल स्कूल के प्रांगण में होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय सचिव सरोज सिंह ने सभी को रंगों के पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि हमारा देश कृषि प्रधान होने के साथ-साथ उत्सवधर्मी भी है। प्रत्येक पर्व अपनी विशिष्टता और नवीनता के साथ समाज को नई दिशा देता है तथा हमारी परंपरा और संस्कृति को सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने कहा कि जैसे ऋतुओं में बसंत को राजा कहा जाता है, वैसे ही पर्वों में होली का विशेष स्थान है। यह त्योहार जीवन के विभिन्न रंगों से परिचित कराता है और आपसी प्रेम, सौहार्द तथा भाईचारे को मजबूत करता है। इस अवसर पर कक्षा नवम् की शीतल, राजलक्ष्मी और हर्षि तथा कक्षा आठ की रागिनी, खुशबू, श्वेतांक और अभिषेक ने होली के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने इसे समरसता, मेल-मिलाप और सामाजिक एकता का पर्व बताया। समारोह के दौरान बच्चों को अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएँ दी गईं तथा सचिव द्वारा पुष्पवर्षा कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उन्होंने इको फ्रेंडली होली मनाने की अपील की और आगामी वार्षिक परीक्षा के लिए निष्ठापूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी। कार्यक्रम में ललित ओझा, अर्चना श्रीवास्तव, अभय, मो. अतीक, सुनील, वरुण, छाया, शैलेश, तस्लीमा, प्रिया, अनुराधा एवं अमित सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।










