फाउंडेशन स्कूल की भव्य विज्ञान प्रदर्शनी छात्रों ने नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रदर्शन किया
बक्सर। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर फाउंडेशन स्कूल, बक्सर द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा केंद्र होने के कारण कार्यक्रम का आयोजन जी.डी. मिश्रा उच्च अध्ययन संस्थान परिसर में किया गया। कक्षा 1 से 9 एवं 11 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राथमिक वर्ग के बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ मॉडल प्रस्तुत किए, वहीं वरिष्ठ वर्ग ने नवाचार से परिपूर्ण प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए। कक्षा 11 के छात्रों ने स्मार्ट सिटी, स्मार्ट सिंचाई, सड़क सुरक्षा प्रणाली, मॉइस्चराइज़र एवं परफ्यूम निर्माण जैसे व्यावहारिक मॉडल प्रस्तुत कर सभी को आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के तहत एडिबल कट्लरी बनाकर प्लास्टिक प्रदूषण के समाधान का संदेश दिया। जैविकी विभाग में रक्त समूह, हीमोग्लोबिन और रक्तचाप की जांच भी की गई। विज्ञान शिक्षक शिवम राधा कृष्ण, अमित गुप्ता, आदित्य वर्धन सहित अन्य शिक्षकों ने मार्गदर्शन दिया। प्राचार्य मनोज त्रिगुण ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करते हैं।










